दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र स्थित तमन्ना गैस एजेंसी पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
थाना डौकी में दर्ज मुकदमे के अनुसार 12 मई को वादी ने तहरीर देकर बताया था कि 10 मई की रात वह डौकी स्थित तमन्ना गैस एजेंसी पर अपने भाई के साथ बैठा था। रात करीब 10 बजे बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और कृष्णा नामक युवक के बारे में पूछताछ करने लगे। वादी द्वारा कृष्णा के वहां काम न करने की बात कहने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि डौकी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नगला देवहंस श्मशान घाट अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सोमवीर पुत्र सुन्दर सिंह निवासी भिडावली थाना इरादतनगर तथा अवधेश पुत्र मोहर सिंह निवासी चंदीपुरा थाना इरादतनगर शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।





















