जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। अलीगढ़ में नवागत जिलाधिकारी ने जनपद कोषागार पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के उपरांत उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों के साथ एक परिचय बैठक आयोजित कर प्रशासनिक कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद के समग्र विकास, सुशासन और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करें, जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करें और जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
परिचय बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपना-अपना परिचय दिया और विभागीय कार्यों की जानकारी साझा की। इस मौके पर जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।























