मथुरा यमुना में बड़ा हादसा, वृंदावन में स्टीमर पलटा,10 पर्यटकों की मौत,रात्रि में भी रेस्क्यू जारी
वृंदावन (मथुरा)। धार्मिक नगरी वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब यमुना नदी में पर्यटकों से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 10 पर्यटकों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कुछ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे। हादसा उस समय हुआ जब स्टीमर केशी घाट के पास नदी के बीच पहुंचा।अचानक तेज हवाओं के चलते स्टीमर असंतुलित हो गया और पास के पीपा पुल से टकराकर पलट गया।
तेज हवाएं बनी हादसे की वजह-
मौसम विभाग के अनुसार, घटना के समय करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं। इसी कारण स्टीमर चालक नियंत्रण खो बैठा। एक प्रत्यक्षदर्शी पर्यटक ने बताया कि “अचानक स्टीमर की गति बढ़ गई और कुछ ही सेकंड में वह पलट गया।”
युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य-
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन दल, नागरिक सुरक्षा और सेना के जवानों के साथ करीब 50 स्थानीय गोताखोर लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।अब तक 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी और जनप्रतिनिधि-
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। निरीक्षण करने वालों में गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मांट विधायक राजेश चौधरी, अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक-

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा होने से बचाव कार्य में थोड़ी देर बाधा आई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और राहत दल का सहयोग करें।
























