जिला नज़र संवाददाता
अलीगढ़/इगलास। अलीगढ़ में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इगलास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के अंतर्गत वांछित अभियुक्त जमील खान पुत्र बाबू खान, निवासी महुरैनी, थाना इगलास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त को 8 अप्रैल 2026 को शाम करीब 7:05 बजे डबल नहर के पास टीकापुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी इगलास के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 162/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3) व 109(1) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें वर्ष 2024 में थाना इगलास में दर्ज एक अन्य मुकदमा शामिल है।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार, उपनिरीक्षक विकास कुमार, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार एवं कांस्टेबल अनुज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।























