दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। स्कूल चलो अभियान एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर में गुरुवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, अभिभावकों को जागरूक करना तथा नए शैक्षिक सत्र में अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।
शिक्षा चौपाल में शिक्षा की गुणवत्ता, नामांकन बढ़ाने, छात्र उपस्थिति और विद्यालय के समग्र विकास जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अभिभावकों को बच्चों की नियमित पढ़ाई और विद्यालय से जुड़े रहने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी शेष बहादुर सरोज ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने सभी शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में पूर्व एआरपी सोमेंद्र सिंह, देवक श्रीवास्तव, मनोज कुमार, अंबुजा फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज डबराल, खुशीराम ,विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सोनू कुमार, सहायक अध्यापक यशपाल सिंह सहित समस्त स्टाफ एवं रामपुर संकुल के शिक्षक मौजूद रहे।























