दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी सिटी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
एलडीबी बैंक के अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा उठाते हुए शिकायत की कि बाजार में दूध, पनीर, देशी घी और खोआ समेत कई खाद्य सामग्री नकली बेची जा रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
वहीं दिव्यांग अंतराम वर्मा अपनी पत्नी बृजरानी, पुत्र रुपेश और पुत्री पूनम के साथ ट्राइसाइकिल से तहसील पहुंचे। उन्होंने शिकायत करते हुए बताया कि वह परिवार सहित झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं, लेकिन अब तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है, जबकि अपात्र लोगों को आवास आवंटित कर दिए गए हैं।
गांव ठीपुरी निवासी पुरुषोत्तम कुशवाहा ने बंटवारे की भूमि पर विपक्षी पक्ष द्वारा सीमांकन की मुठियां उखाड़ने की शिकायत की। इस पर अधिकारियों ने थाना डौकी पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 45, पुलिस की चार, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त नौ, विकास विभाग की 10, स्वास्थ्य विभाग की दो तथा अन्य विभागों की सात शिकायतें प्राप्त हुईं।इस दौरान तहसीलदार बबलेश कुमार, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सतेन्द्र कुमार भाटी, डॉ. पवन यादव, एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





















