दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: पुरानी रंजिश के चलते बाइक से घर लौट रहे एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सिर में तमंचे की बट लगने से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आगरा रेफर किया गया है।
फिरोजाबाद जिले के गांव उमरी निवासी शान मोहम्मद पुत्र अली मोहम्मद अपने मित्र इमरान खान के साथ शुक्रवार को रामगढ़ निबोहरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।
आरोप है कि रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर गांव रामगढ़ निवासी राम अवतार और नृपेन्द्र ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया।हमले के दौरान शान मोहम्मद के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
इंस्पेक्टर निबोहरा बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















