दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र की ओर से गुरुवार को नशा मुक्ति जनजागरण महाअभियान का शुभारंभ श्री महावीर जी पब्लिक स्कूल से किया गया। अभियान के पहले दिन विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उनसे नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प पत्र भरवाया गया। तथा शपथ ग्रहण कराई गई।
केंद्र की बहिन रंजना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी मेडिकल विंग भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से 6 से 20 अगस्त तक देशव्यापी नशा मुक्ति जनजागरण महाअभियान चला रही है। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों तथा अन्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा।
बहिन रंजना ने सभी शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से इस जनजागरण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।





















