मथुरा। डैंपियर नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बृज बाल कल्याण समिति मथुरा द्वारा “आचार्य सम्मान” समारोह का भव्य आयोजन किया गया ।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सरस्वती वंदना से हुआ। इस सुअवसर पर विद्यालय में उपस्थित अतिथि गण द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। सभी अतिथियों का परिचय बृजवाल कल्याण समिति के मंत्री कीर्ति मोहन ने कराया तो वहीं अध्यक्ष बलदेव प्रसाद अग्रवाल व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध अग्रवाल ने उपस्थित अतिथि महानुभावों को पटका तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर,कृष्ण गंगा, माधवपुरी, सदर व बलदेव मार्ग की आचार्य टीमों ने रंगमंचीय कार्यक्रम प्रस्तुत किये। संस्कृतिक कार्यक्रमों में सामाजिक, धार्मिक, ऐतिहासिक व राष्ट्र प्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
महिषासुर वध, गुरु भक्त एकलव्य, आदि शक्ति मां दुर्गा आदि प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। हमारे “वीर क्रांतिकारी” प्रस्तुति ने लोगों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी आचार्यों को स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया।इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के मंत्री प्रवीण सारस्वत ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से हमारे आचार्यों के अंदर उत्साह व नवीन ऊर्जा का संचार होता है, और जब पूरी मेहनत,लगन व निष्ठा के साथ आचार्यगण अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं तो निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक परिवर्तन होता है।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक पारस पार्थ ने कहा कि गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, विश्वास व समर्पण का भाव रखकर ही समाज सही दिशा में गतिशील हो सकता है। हमारे गुरुजन बच्चों को शिक्षा व संस्कार देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। अपने आचरण से शिक्षा व संस्कार देकर एक श्रेष्ठ युवा पीढ़ी का निर्माण करना हमारे आचार्यों का महत्वपूर्ण दायित्व है। आगे उन्होंने कहा कि आज नशा हमारे समाज की बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है।इस समस्या से अपनी युवा पीढ़ी को बचाकर रखना हम सब का नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन प्रीति बंसल ने किया। इस अवसर पर लालचंद वासवानी, प्रेम अग्रवाल, मुरारी लाल सरार्फ, डॉ अशोक अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद खंडेलवाल, समीर बंसल, सुनील अग्रवाल, हरवीर सिंह चाहर, रामप्रकाश अग्रवाल, डॉ दीपा अग्रवाल, विजय बंटा, अनुराग अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।






















