दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। क्षेत्र के सीकरी चार हिस्सा स्थित मोहल्ला गोटिया पाड़ा में बीती रात एक मकान एवं उससे संबद्ध दुकान में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रूप सिंह पुत्र स्वर्गीय लटूरबाज निवासी सीकरी चार हिस्सा मोहल्ला गोटिया पाड़ा के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात उनके मकान और दुकान में घुस गए। उनका आरोप है कि चोर दुकान से सामान तथा मकान में रखे आभूषण, 32,000 हजार रुपये की नकदी एवं अन्य घरेलू सामान अपने साथ ले गए। चोरी की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में अभी तक चोरी गए सामान के मूल्य का आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है।
इस संबंध में थाना फतेहपुर सीकरी के सब-इंस्पेक्टर सोम गोस्वामी ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















