दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। गुरुवार दोपहर तहसील परिसर में काला नाग निकलने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। नायब तहसीलदार विमल कुमार के न्यायालय के सामने से निकलता हुआ सांप तहसीलदार शिखर मिश्रा के कार्यालय के समीप पहुंच गया। अचानक सांप दिखाई देने पर वादकारियों, फरियादियों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले काला नाग परिसर में लगे एक अशोक के पेड़ के पास पहुंचा और कुछ देर बाद वहां से निकलकर दूसरे अशोक के पेड़ में जाकर छिप गया। सांप के कार्यालयों के समीप होने की सूचना मिलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों ने एहतियातन वहां खड़े चारपहिया वाहनों को दूसरी जगह हटवा दिया, ताकि सांप किसी वाहन में जाकर न छिप सके।
कुछ देर तक लोग सुरक्षित दूरी बनाकर सांप के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। हालांकि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद तहसील परिसर में काफी देर तक सांप को लेकर चर्चा होती रही।





















