शांति समिति की बैठक में ग्रामीणों को दिलाया भरोसा, एसीपी बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई, बेगुनाह नहीं होंगे परेशान
दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: पूठपुरा के पास फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर 15 जून को पुलिस पर हुए पथराव और उपद्रव की घटना को लेकर शनिवार को गांव पिन्नापुरा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विधायक छोटेलाल वर्मा ने स्पष्ट कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले लोग बाहरी थे और पिन्नापुरा के ग्रामीण इस घटना में शामिल नहीं थे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने कहा कि पुलिस केवल उन्हीं लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे जो वीडियो फुटेज में पथराव करते या हाथों में डंडे लिए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाम में खड़े सामान्य लोगों को आरोपी बनाना उचित नहीं होगा।
साथ ही मांग की कि आगे होने वाली गिरफ्तारियों से पहले संबंधित वीडियो और साक्ष्य जनप्रतिनिधियों को भी दिखाए जाएं, ताकि किसी बेगुनाह को जेल न जाना पड़े।उन्होंने कहा कि घटना दोपहर करीब तीन बजे हुई थी, जबकि शाम चार बजे के बाद बादलपुर, आगरा और फिरोजाबाद क्षेत्र से आए कुछ बाहरी उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला किया।
उनका तर्क था कि यदि स्थानीय ग्रामीणों की इसमें भूमिका होती तो वे शुरुआत से ही पथराव करते। नामजद लोगों के संबंध में भी उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस पूरी पड़ताल के बाद ही कार्रवाई करे।बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस कार्रवाई के डर से कई लोग रात में अपने घरों में रुकने से भी घबरा रहे हैं।

इस पर एसीपी इमरान खान ने भरोसा दिलाया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को जेल नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है और जो लोग बेगुनाह हैं, वे निडर होकर अपने घरों में रहें। पुलिस उन्हें किसी प्रकार से परेशान नहीं करेगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में राहुल सिसोदिया, देवेंद्र कुमार वर्मा, एडवोकेट भगवती प्रसाद, अशोक वर्मा, अरविंद वर्मा, राजू ठेकेदार, राममहेश वर्मा, रामदेव प्रधान, प्रेमपाल वर्मा, एदल सिंह, जिला पंचायत सदस्य अनिल गुर्जर, रामबाबू वर्मा, एडवोकेट लखन सिंह, योगेश चौहान, संदीप गुप्ता, मुकेश पचौरी, उमेश गुप्ता, राजेश वर्मा, ऋषि गुप्ता, राजेश कुशवाहा, महेंद्र वर्मा, सोनू वर्मा, मोनू आर्य, बबीता चौहान,आशा देवी चक, हीरा सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





















