एटा। थाना बागवाला क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब होकर आधी सड़क पर खड़ी यूपीएसआरटीसी (रोडवेज) की बस में पीछे से आए एक कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस के बाहर खड़े कई लोग इसकी चपेट में आ गए, जबकि बस के अंदर बैठी सवारियों को अपेक्षाकृत कम चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 11 अन्य लोग घायल हैं, जिनका उपचार जारी है। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिलाधिकारी एटा अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।





















