दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। रविवार दोपहर फतेहाबाद-पिनाहट मार्ग पर टिकतपुरा खंडेर के पास स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार भदरौली थाना पिनहट निवासी आयुष शर्मा (28) पुत्र राजीव मोहन शर्मा स्कूटी से फतेहाबाद की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान टिकतपुरा खंडेर के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार कल्याणपुरा निवासी लोकेन्द्र पुत्र मोहर सिंह तथा हरेंद्र पुत्र भूदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
चिकित्सकों ने स्कूटी सवार आयुष शर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घायलों का उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




















