दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव उझावली पूठपुरा में एक महिला के साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार गांव की एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया। महिला द्वारा विरोध करने पर मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
इसी दौरान महिला की सास रामधानी पत्नी नाथूराम मौके पर पहुंच गईं और बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज करते हुए रामधानी के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में वह घायल हो गईं।
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना थाना फतेहाबाद पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।





















