अलीगढ़। जनपद में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। इगलास क्षेत्र में पांच जुलाई से लापता युवक का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई, जबकि गांव रामपुर में खेत पर अनार का पेड़ काटने से रोकने पर एक किसान को गोली मार दी गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच और कार्रवाई में जुटी है।
नहर में मिला लापता युवक का शव, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
इगलास कोतवाली क्षेत्र के सासनी रोड स्थित नहर में एक युवक का शव बहता मिलने से हड़कंप मच गया। युवक 5 जुलाई से लापता था और उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
बताया गया कि युवक राजस्थान से अपने दोस्तों के साथ खैर की शिवाला नहर में नहाने आया था। नहाने के दौरान उसके डूबने की बात सामने आई थी। सोमवार को इगलास क्षेत्र की नहर में उसका शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों ने मौके पर पहुंचकर की।
मृतक के परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अनार का पेड़ काटने से रोकने पर किसान को मारी गोली
थाना इगलास क्षेत्र के गांव रामपुर में खेत पर लगे अनार के पेड़ को तोड़ने से रोकना एक किसान को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर 50 वर्षीय नागेंद्र को गोली मार दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नागेंद्र को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घायल नागेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनके खेत में लगे अनार के पेड़ को गगन और उसके साथी तोड़ रहे थे। विरोध करने पर गगन ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। क्षेत्राधिकारी इगलास कमलेश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।





















