हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रुहेरी ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक लोडर मैक्स चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, आगरा से खुर्जा की ओर जा रही लोडर मैक्स को पीछे से आ रहे 10 टायरा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैक्स वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद रिजवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं परिचालक विलाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





















