कासगंज। सहावर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने चांडी चौकी के पास सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर लापरवाही व समय पर कार्रवाई न करने के गंभीर आरोप लगाए।जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए अमांपुर से भाजपा विधायक हरिओम वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया।
काफी देर तक चली समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह पूरा मामला सहावर कोतवाली क्षेत्र की चांडी चौकी के पास का है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















