जिला नज़र संवाददाता
अलीगढ़। जिला नजर दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग ने अवैध डग्गेमार बसों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही सभी डग्गेमार बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शमशाद मार्केट का है, जहां प्रतिदिन सुबह से शाम तक प्रति घंटे के हिसाब से अलीगढ़ से दिल्ली तक डग्गेमार बसों का संचालन हो रहा है। इन अवैध बसों के चलते सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। साथ ही, इन्हीं बसों के माध्यम से व्यापारी जीएसटी चोरी कर सामान अन्य जनपदों में भेज रहे हैं।
लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने अब इन बसों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा इन बसों की चेकिंग, चालान और आवश्यकता पड़ने पर सीज (सील) करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक कुमार शाह ने बताया कि डग्गेमार बसों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन अब इसे और सख्ती से लगातार अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बस संचालक अक्सर जुर्माना भरकर दोबारा संचालन शुरू कर देते हैं, लेकिन इस बार विभाग की कोशिश रहेगी कि अवैध संचालन को पूरी तरह बंद कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय टीम को सक्रिय कर दिया गया है और जनपद में बिना अनुमति चल रही बसों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।























