जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जनसुनवाई के दौरान आई शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दो उपनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है। एक उपनिरीक्षक को निलंबित किया गया है, जबकि दूसरे को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान फरियादियों द्वारा उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह (पीएनओ, थाना लोधा) पर विवेचना का समयबद्ध निस्तारण न करने का आरोप लगाया गया था। वहीं उपनिरीक्षक अमरपाल सिंह (पीएनओ, थाना दादों) पर विवेचना में लापरवाही की शिकायत की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित क्षेत्राधिकारी से जांच आख्या प्राप्त की गई। आख्या में आरोप सही पाए जाने पर उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि उपनिरीक्षक अमरपाल सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया गया।
एसएसपी ने इस दौरान सभी अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़े मामलों में पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता, लापरवाही या अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।























