लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम अविनाश कुमार
अलीगढ़। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और संचालन के लिए जिला प्रशासन उद्यमियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उद्यमियों की पात्र शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। बैठक के दौरान व्यापार बंधु की बैठक में अनुपस्थित रहने पर डीसी प्रशासन चन्द्रशेखर के विरुद्ध वेतन बाधित कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिना अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने पर आरएम यूपीसीडा श्याम गोपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए मुख्यालय को पत्र भेजने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने बताया कि सीडीएफ एवं तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए विद्युत लोड प्रस्ताव तैयार कर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा को उपलब्ध करा दिया गया है। हालांकि बैठक में आरएम यूपीसीडा की अनुपस्थिति के कारण इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी।औद्योगिक आस्थान ख्यामई के संबंध में बताया गया कि 90 भूखंडों की लीज डीड कराई जा चुकी है, जिनमें से 31 आवंटियों को कब्जा भी दिया जा चुका है। प्लेज पार्क परियोजना में भी भूखंड आवंटन के साथ-साथ प्रचार-प्रसार का कार्य जारी है। उद्यमियों की मांग पर दाऊद खां जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कंटेनर स्टफिंग सेंटर की स्थापना के लिए संबंधित विभाग को अर्द्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं लॉजिस्टिक योजना के तहत मुआवजा वितरण और सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित एसडीएम, लेखपाल एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने नई इकाइयों की स्थापना के लिए जारी होने वाले अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और उद्यम स्थापना में अनावश्यक बाधाएं खड़ी करने के बजाय सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।डीएम ने कहा कि नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और जिले के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। बैठक में व्यापारी, उद्यमी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





















