जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। खैर तहसील क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ी गांव में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से किसानों की मेहनत पलभर में जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आकर करीब 25 से 35 बीघा खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसान राम प्रकाश शर्मा और रामवीर को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि आग की सूचना समय पर फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी देर से पहुंची, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और पानी की मदद से काफी प्रयास किए, लेकिन तब तक काफी फसल जल चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
इस घटना से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि नुकसान का तत्काल आकलन कर पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि खैर क्षेत्र में इससे पहले भी पराली जलाने के कारण फसल में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। फिलहाल प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच में जुटा हुआ है।























