मथुरा।थाना हाइवे क्षेत्र के ग्राम महोली में 84 कोस परिक्रमा के दौरान हुई फायरिंग की घटना के बाद मथुरा पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना हाइवे के प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह निरीक्षक प्रशान्त कपिल को नया प्रभारी निरीक्षक थाना हाइवे नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही थाना हाइवे की चौकी औद्योगिक क्षेत्र/पन्ना पोखर पर तैनात उपनिरीक्षक संदीप कुमार एवं आरक्षी आदर्श कुमार को प्रारम्भिक जांच में दोषी मानते हुए निलम्बित कर दिया गया है।
वहीं एक अन्य कार्रवाई में दिनांक 27 मई 2026 को सुनरख तिराहा बैरियर पर ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी कमलेश कुमार यातायात को भी निलम्बित किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए थे कि परिक्रमा मार्ग पर किसी भी वाहन अथवा ई-रिक्शा को प्रवेश न दिया जाए, लेकिन आरोप है कि उन्होंने रशियन बिल्डिंग की ओर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और वाहनों को बिना अनुमति प्रवेश करने दिया, जिससे परिक्रमा मार्ग पर भारी अव्यवस्था उत्पन्न हो गई।मथुरा पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि ड्यूटी में लापरवाही एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होने के चलते संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।






















