प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया जाएगा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प

मथुरा। बहुजन समाज पार्टी मथुरा के भाईचारा कमेटी जिला संयोजक ओमप्रकाश बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती मथुरा में बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत डैंपियर नगर स्थित अहिल्याबाई होल्कर पार्क में स्थापित लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके उपरांत उपस्थित लोग उनके त्याग, सेवा और समाजहित में किए गए कार्यों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेंगे।ओमप्रकाश बघेल ने बताया कि पाल-बघेल समाज द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों,समाजिक सभाओं एवं सम्मान समारोहों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर केवल एक महान शासक ही नहीं, बल्कि जनसेवा,धर्म और समाज कल्याण की प्रतीक थीं। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी देशभर में मिसाल के रूप में याद किए जाते हैं।उन्होंने बताया कि रानी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में अनेक मंदिरों, घाटों और धर्मस्थलों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया था। काशी के प्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट का पुनर्निर्माण भी उनके द्वारा कराया गया था। इसके अलावा उन्होंने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर तथा सोमनाथ मंदिर सहित कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।रानी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में न्यायप्रियता,महिला सम्मान और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।उन्होंने गरीबों,विधवाओं और जरूरतमंदों के लिए अनेक योजनाएं चलाईं तथा सड़कों,कुओं, तालाबों और धर्मशालाओं का निर्माण कर समाज सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। यही कारण है कि आज भी सर्व समाज उन्हें श्रद्धा एवं सम्मान के साथ याद करता है।





















