दर्दनाक घटना से श्रद्धालुओं में शोक की लहर
गोवर्धन।गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने आए एक बुजुर्ग श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान 60 वर्षीय विजयपाल के रूप में हुई है, जो अपने साथियों के साथ दिल्ली से गोवर्धन परिक्रमा लगाने आए थे। बताया गया कि परिक्रमा के दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। हालत बिगड़ने पर उनके साथी तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार विजयपाल मूल रूप से अलीगढ़ जिले के इगलास थाना क्षेत्र के टीकापुर गांव के निवासी थे और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे थे। वह दिल्ली पुलिस में एसएचओ पद पर तैनात रह चुके थे तथा जनवरी 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे।घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नेहा चौधरी ने बताया कि मरीज को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला हृदयगति रुकने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।






















