जिला नजर संवाददाता
झांसी। मऊरानीपुर में महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
अग्रसेन महाविद्यालय के बाहर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यूपीए गठबंधन का पुतला दहन कर विरोध जताया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला महामंत्री अनुज मिश्रा ने किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। ऐसे महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है।
भाजयुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस बिल का विरोध कर महिलाओं को उनका अधिकार मिलने में बाधा डाली है। उन्होंने इसे आधी आबादी के साथ अन्याय बताया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की जागरूक महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और भविष्य में इसका लोकतांत्रिक जवाब देंगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।























