जिला नजर संवाददाता
जैतपुर/आगरा। विद्युत विभाग ने बुधवार सुबह बिजली चोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए नौ लोगों को अवैध रूप से बिजली उपयोग करते हुए पकड़ा। सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजस्व वसूली एवं विद्युत चोरी रोकने के अभियान के तहत कस्बा जैतपुर के कचोरा रोड, ईदगाह मोहल्ला, अमाही और बनकटी रोड क्षेत्रों में चेकिंग की गई।
यह अभियान उपखंड अधिकारी विनोद कुमार, अवर अभियंता गजेंद्र सिंह और संगम चौरसिया के नेतृत्व में विजिलेंस टीम के साथ चलाया गया।
चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर सीधे लाइन से बिजली चोरी करते हुए लोग पकड़े गए। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया।
एसडीओ विनोद कुमार ने बताया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।























