सरकार आपके द्वार’’ अभियान के तहत नागरिकों को दी गईं विभिन्न योजनाओं की जानकारी, मौके पर हुआ समस्याओं का निस्तारण
चंडोस /अलीगढ l केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘‘सरकार आपके द्वार’’ अभियान के द्वितीय दिवस पर नगर पंचायत चंडौस में वृहद स्वच्छता अभियान एवं जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत, यूपीनेडा, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया। इस अवसर पर सूचना निदेशालय द्वारा भेजी गई एलईडी वीडियो वैन के माध्यम से भी कंेद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं व उपलब्धियों को दिखाया गया।
अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों एवं प्रमुख मार्गों की व्यापक सफाई कराई गई। स्वच्छता कर्मियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर के निर्माण में सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश भी आमजन तक पहुंचाए गए।
जनसमस्या समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों की शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। यूपीनेडा द्वारा सौर ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई, जबकि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों को लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। विद्युत विभाग द्वारा विद्युत आपूर्ति, बिल संशोधन एवं अन्य शिकायतों का समाधान किया गया, वहीं नगर पंचायत द्वारा स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के निस्तारण हेतु प्रभावी कार्रवाई की गई।
कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए शासन की सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। नगर पंचायत चंडौस ने नागरिकों से अपील की कि वे शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं विकसित नगर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अभियान के माध्यम से आमजन को प्रशासन एवं शासन से सीधे जोड़ने का उद्देश्य प्रभावी रूप से साकार होता दिखाई दिया l





















