इगलास। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी इगलास आयुष जायसवाल तथा क्षेत्राधिकारी (सीओ) इगलास कमलेश कुमार ने संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने अंतर्जनपदीय बैरियर, प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ मार्ग, संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त ड्यूटी चार्ट समय से तैयार कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके उपरांत तहसील सभागार में सड़क, चिकित्सा, विद्युत, नगर निकाय, परिवहन, विकास खंड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, यातायात संचालन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल एवं सीओ कमलेश कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शेष तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जाए।





















