इगलास। नवागत प्रशिक्षु आईएएस एवं उपजिलाधिकारी (एसडीएम) इगलास आयुष जैसवाल ने पदभार ग्रहण करते ही सावन माह में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शुक्रवार को नगर के प्रमुख शिवालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने शिवपुरी स्थित वनखंडी महादेव मंदिर तथा पाताल खेड़िया स्थित वनखंडी महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसरों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार इगलास सतीश चंद बघेल, थाना प्रभारी रजीत वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत इगलास ब्रजेंद्र कुमार सहित राजस्व, पुलिस एवं नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





















