अलीगढ़। थाना गौण्डा क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो डंपर, एक जेसीबी मशीन, एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि ग्राम कुंवरपुर की ओर से दो डंपर और एक जेसीबी द्वारा अवैध खनन कर मिट्टी ले जाई जा रही है। सूचना पर थाना गौण्डा पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि डंपर चालकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।
घटना के संबंध में थाना गौण्डा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी इगलास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बौबी निवासी ग्राम भगतगढ़ी, थाना खैर तथा अजीत सिंह निवासी ग्राम मजूपुर, थाना गौण्डा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो डंपर, एक जेसीबी, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।





















