दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए कथित हिट एंड रन प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जाट निवासी राम नारायण पब्लिक स्कूल के प्रबंधक ओमप्रकाश उर्फ बाबूजी मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
आरोप है कि इसी दौरान पूर्व में गाँव के युवकों की रंजिश के चलते कार चालक अक्कू पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम पसौंडा, थाना रूपवास, जिला भरतपुर राजस्थान ने कार संख्या RJ 05 CD 3243 से उन्हें टक्कर मार दी। घटना में ओमप्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए भरतपुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र आशीष माहुरा की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि मामले में वांछित आरोपी अक्कू पुत्र राजेंद्र को राजस्थान सीमा के समीप चौमा चौकी के पास वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।





















