दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूल बस सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसा रामपुर–डंडनियापुरा मार्ग पर गंगाजल पाइपलाइन की खुदाई के बाद सड़क पर फैली मिट्टी और बारिश के कारण हुई फिसलन की वजह से हुआ। गनीमत रही कि उस समय बस में कोई छात्र-छात्रा सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, पूरा हरसुख गांव में गंगाजल परियोजना के तहत पाइपलाइन की खुदाई का कार्य चल रहा है। खुदाई के कारण सड़क पर मिट्टी फैल गई थी। वहीं बारिश के चलते मार्ग पर फिसलन बढ़ गई थी, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था।
इसी दौरान रामपुर से बच्चों को छोड़कर लौट रही एक स्कूल बस का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। फिसलन के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। दुर्घटना में बस क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन चालक सुरक्षित रहा और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैली मिट्टी और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताई। लोगों ने संबंधित विभाग से मार्ग की तत्काल सफाई कराने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





















