फतेहपुर सीकरी/आगरा। ब्लॉक फतेहपुर सीकरी स्थित बी. पैक्स रसूलपुर साधन सहकारी समिति केंद्र पर सोमवार को डीएपी खाद वितरण के दौरान किसानों की भारी भीड़ उमड़ने से हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद खाद का वितरण दोबारा शुरू कराया गया।
इसी दौरान खाद वितरण को लेकर किसान और केंद्र के सचिव के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने थाना फतेहपुर सीकरी में अलग-अलग तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किसान धर्मेंद्र सिंह पुत्र केदार सिंह, निवासी गांव घिलोय, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बी. पैक्स रसूलपुर के सचिव माधव प्रसाद शर्मा द्वारा डीएपी खाद का वितरण मनमाने तरीके से किया जाता है तथा खाद सरकारी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेची जाती है। किसान का आरोप है कि विरोध करने पर सचिव ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सचिव का किसानों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं है तथा पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं।
वहीं, बी. पैक्स रसूलपुर के सचिव माधव प्रसाद शर्मा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि किसान धर्मेंद्र सिंह 17 जुलाई 2026 को केंद्र से डीएपी खाद के आठ बैग प्राप्त कर चुके हैं, जिसका उल्लेख वितरण सूची में दर्ज है। इसके बावजूद वह अतिरिक्त डीएपी खाद की मांग कर रहे थे। सचिव का आरोप है कि अतिरिक्त खाद देने से मना करने पर किसान ने गाली-गलौज की और सरकारी रजिस्टर फाड़ दिया।
थाना फतेहपुर सीकरी के कस्बा इंचार्ज प्रमोद यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















