दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: थाना क्षेत्र के गांव पारौली सिकरवार में शादी समारोह के बीच एक युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने से खुशियां मातम में बदल गईं। मंगलवार सुबह गांव के बाहर नीम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पारौली सिकरवार निवासी 30 वर्षीय लोकमन पुत्र पप्पू कूलर और फ्रिज मरम्मत का कार्य करता था। वह अपने ही गांव में चाचा की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल था। परिजनों के अनुसार उसने शराब का सेवन किया हुआ था। सोमवार देर रात करीब दो बजे किसी वीडियो बनाने को लेकर उसकी दूल्हा पक्ष के लोगों से कहासुनी भी हुई थी।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों और परिजनों ने गांव के बाहर एक नीम के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। ग्राम प्रधान एवं परिजनों की सहमति से पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी रुमा देवी (28), पुत्र कान्हा (8) और बंसी (6) को छोड़ गया है। उसकी ससुराल फिरोजाबाद जनपद के नगला आसे गांव में बताई गई है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।





















