दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। नगर के मुख्य बाजार स्थित भाजपा मंडल उपाध्यक्ष विपुल लोहिया के लोहिया गोदाम से दिनदहाड़े लोहे का दरवाजा चोरी होने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने गोदाम के पिछले हिस्से में बने कमरे का लोहे का दरवाजा दीवार से उखाड़कर चोरी कर लिया।घटना उस क्षेत्र में हुई जहां थाना फतेहाबाद के अलावा दो राष्ट्रीयकृत बैंक भी स्थित हैं। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक लोहे का दरवाजा सिर पर रखकर गोदाम से बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में कुछ असामाजिक तत्व लगातार चोरी, जुआ, नशाखोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी आपराधिक घटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस से घटना की जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।





















