दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं पल्स पोलियो अभियान को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अभिषेक चौहान ने बताया कि एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, मच्छरजनित रोगों से बचाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करेंगी।
वहीं 28 जून से पल्स पोलियो अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।उन्होंने आशाओं से अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में रोगों की पहचान, सर्वेक्षण, रिपोर्टिंग तथा बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने संबंधी जानकारी भी दी गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















