गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत पुलिस आयुक्त के निर्देशन में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
रैली का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं जागरूकता का संदेश देना रहा।
रैली में रिजर्व पुलिस लाइन्स में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। तिरंगा रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट चौराहा, सुभाष पार्क, पंचकुइया चौराहा और तहसील तिराहा से होते हुए पुनः रिजर्व पुलिस लाइन्स पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के संदेश के साथ आगे बढ़ते रहे।
रैली के माध्यम से नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।





















