दैनिक जिला नज़र संवाददाता
आगरा। कमला नगर स्थित हनुमान पार्क पर आज जी-ब्लॉक सुधार समिति,कमला नगर की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत हाल ही में रोडवेज बसों के आवागमन को रोकने के लिए लगाए गए बैरियर एवं गार्डर निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले सभी सम्मानित नागरिकों के अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करने के साथ हुई।
समिति ने तन, मन और धन से सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके योगदान को क्षेत्रहित में अनुकरणीय बताया।इस अवसर पर जी-ब्लॉक सुधार समिति की नवीन कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
उपस्थित सदस्यों ने हर्षध्वनि एवं सर्वसम्मति के साथ राजीव वर्मा को अध्यक्ष, अमिताभ गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अनुज जैन ‘क्रांति’ को महामंत्री, मनीष चोपड़ा को कोषाध्यक्ष, द्रोणपाल सिंह को उपाध्यक्ष, राकेश मेहता को संयुक्त मंत्री, प्रदीप भदौरिया को सह मंत्री, महेश शर्मा (लाला भाई) को प्रचार मंत्री, नीरज शर्मा को मीडिया प्रभारी, सुनील राठौर को संगठन मंत्री तथा तुषार सिंह को विधि एवं शिकायत प्रभारी के पद पर मनोनीत किया। वहीं, देवेंद्र सिंह को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।

संरक्षक मंडल में शुभम गोयल एवं विष्णु शर्मा को शामिल किया गया। समिति ने क्षेत्र में लगाए गए बैरियर एवं गार्डर निर्माण कार्य को जी-ब्लॉक की सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। इस जनहित कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति समिति ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि जी-ब्लॉक का सर्वांगीण विकास केवल सामूहिक सहभागिता और एकजुटता से ही संभव है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महिला प्रकोष्ठ संयोजक, युवा प्रकोष्ठ संयोजक एवं छह कार्यकारिणी सदस्यों के रिक्त पदों पर शीघ्र ही योग्य एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित नागरिकों को शामिल किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जी-ब्लॉक को एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित क्षेत्र बनाने हेतु निरंतर कार्य किया जाएगा।





















