दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भाई की शादी में चढ़ाने के लिए जेवर लेने जा रहे युवक और उसका साला सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शनिवार सुबह भोजपुर नहर के पास हुआ।
पिनाहट क्षेत्र के गांव गुरावली निवासी फेरन सिंह अपने साले सतीश के साथ बाइक से फतेहाबाद क्षेत्र के गांव घाघपुरा से निबोहरा स्थित शाहवेद के यहां जेवर लेने जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब उनकी बाइक भोजपुर नहर के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया है कि फेरन सिंह के भाई अजीत की बारात शुक्रवार को घाघपुरा में आई थी। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















