जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम ने शहर के अंदर संचालित डेयरियों को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए और उन्हें एक सप्ताह के भीतर अपनी डेयरियां निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। डेयरी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर डेयरियां स्थानांतरित नहीं किए जाने पर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि निगम की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने या सरकारी कार्य में अवरोध डालने वालों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम का यह अभियान स्वच्छता ही सेवा-2025 के अंतर्गत चलाया जा रहा है, जिसके तहत शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।





















