जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। मडराक थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर में एक युवक के साथ महिलाओं और पुरुषों द्वारा कथित रूप से लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ बताया जा रहा है। मारपीट करने वाले लोग पीड़ित युवक के सगे भाई और परिवार की महिलाएं बताई जा रही हैं। वहीं, घटना का वीडियो अपने घर की छत से बना रहे एक व्यक्ति को भी कथित तौर पर हमलावरों द्वारा धमकाने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने घायल युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। आरोप है कि पीड़ित युवक को ही पिछले दो दिनों से थाने में बैठाकर रखा गया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















