दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगामी वर्षा ऋतु एवं संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा गुरुवार को क्षेत्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
फायर सर्विस के अग्निशमन द्वितीय अधिकारी विनय कुमार एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारी अभिषेक यादव के नेतृत्व में फायर सर्विस कर्मचारियों ने ग्राम गुरजा रामजस अरनौटा स्थित उटंगन नदी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ में फँसे लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, बचाव उपकरणों के उपयोग तथा लोगों को सुरक्षित निकालने की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया।
इस दौरान नदी क्षेत्र में बचाव अभियान चलाकर यह दिखाया गया कि बाढ़ जैसी आपात स्थिति में किस प्रकार टीम समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों की जान बचा सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित रखना तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रखना है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की और आपदा की स्थिति में विभाग द्वारा किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति विश्वास व्यक्त किया।





















