अलीगढ़। इगलास तहसील के नगर वेसवा निवासी भारतीय सेना के कमांडो राम गोयल ने अपने साहस और वीरता से जिले का नाम रोशन किया है। उनकी बहादुरी और अदम्य शौर्य के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च वीरता सम्मानों में से एक शौर्य चक्र से सम्मानित किया जा चुका है।
हाल ही में राम गोयल के अपने गृह नगर वेसवा पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे और अपने वीर सपूत का फूल-मालाओं तथा जयकारों के साथ अभिनंदन किया।
ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने राम गोयल की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। लोगों ने कहा कि उनकी वीरता और देशसेवा से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
स्वागत समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने शौर्य चक्र से सम्मानित कमांडो राम गोयल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राम गोयल की इस उपलब्धि से न केवल वेसवा बल्कि पूरा अलीगढ़ जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





















