जिला नजर संवाददाता
एटा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए एटा प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
परीक्षा के प्रथम दिवस जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, दस्तावेज सत्यापन तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। वहीं एसएसपी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जिससे परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हो सके।
अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और मार्गदर्शन संबंधी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बरकरार रहे।
एटा में कड़ी सुरक्षा, सतर्क निगरानी और बेहतर व्यवस्थाओं के बीच पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा रहा है।





















