जिला नजर संवाददाता
हाथरस। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उदय फाउंडेशन के सहयोग से अत्याधुनिक मोबाइल हेल्थ यूनिट वाहन को रवाना किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि उदय फाउंडेशन के सहयोग से उपलब्ध कराई गई यह अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट जनपद के दूरस्थ, ग्रामीण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य करेगी। इस यूनिट के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक ही निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, आवश्यक स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मोबाइल हेल्थ यूनिट के संचालन के लिए समन्वयक प्रीति कटियार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुलकित बिस्ट, नर्सिंग स्टाफ आकांक्षा तथा सहायक कर्मचारी महेश की टीम तैनात की गई है। यह पहल विशेष रूप से उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित होगी, जहां स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित है।





















