जिला नजर संवाददाता
कासगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कासगंज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी बनी रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे तथा पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए हुए था।
जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जा रही है, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
कासगंज में प्रथम दिवस की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिससे अभ्यर्थियों में भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ।





















