जिला नजर संवाददाता
हाथरस। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिवस की प्रथम पाली का आयोजन हाथरस में सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ।
परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने रामबाग इंटर कॉलेज तथा श्री अक्रूर इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का गहन निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए परीक्षार्थियों की उपस्थिति एवं परीक्षा संचालन की स्थिति का अवलोकन किया गया।
इसके बाद डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर विभिन्न कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सघन चेकिंग और सतत मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की सतर्कता और मजबूत सुरक्षा प्रबंधों के बीच प्रथम पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इससे अभ्यर्थियों में परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।





















