दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह और तहसील प्रभारी सचिन सिकरवार के नेतृत्व में यूनियन पदाधिकारियों ने फतेहाबाद तहसील की ग्राम पंचायत मेवली कलां के उपग्राम नगला पाल पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले 15 दिनों से लगभग 70% घरों में बिजली आपूर्ति ठप है। गांव में लगी छोटी डीपी अधिक लोड के कारण बार-बार फुंक जाती हैं।
गांव का विद्युत फीडर भटाकी वाजिदपुर है, जो एसडीओ फतेहाबाद के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकांश उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा होने के बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही।
जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने मामले को लेकर एसडीओ फतेहाबाद से बात की। एसडीओ ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए दो दिन का समय मांगा है। प्रदीप सिंह ने कहा कि यदि दो दिन में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करेगी।





















