दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात और रविवार को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के 4 चालान किए गए, जबकि कुल 11 वाहनों के चालान काटे गए। अभियान के दौरान सैकड़ों वाहनों की जांच होने से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
डीजी ट्रैफिक के निर्देश पर शनिवार और रविवार को एक्सप्रेसवे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर अभियान चलाया। इस दौरान ट्रक, रोडवेज एवं प्राइवेट बसों के अलावा कारों को रोककर जांच की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की, जिसमें 4 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना दस्तावेज, ओवरस्पीडिंग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 7 वाहनों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक शिव प्रकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





















